संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। नगर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स और वाटर सप्लाई सीवरेज विभाग की ओर से 15 अगस्त तक पांच विधानसभा हलकों में लगाए कैंपों को बढ़ाकर अब 31 अगस्त तक कर दिया है।
निगम की ओर से सरकार की वन टाइम सेटलमेंट स्कीम के तहत लोगों द्वारा बिना ब्याज और जुर्माना के प्रॉपर्टी टैक्स अदा किया जा रहा है। निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने बताया कि विभाग की ओर से अब तक 15 करोड़ रुपये टैक्स एकत्रित कर लिया गया है। विभाग की ओर से इस वित्त वर्ष 2025-26 में पिछले वित्त वर्ष में एकत्रित किए टैक्स से लगभग 6 करोड़ रुपये अधिक है। उन्होंने कहा कि सरकार की वन टाइम सेटलमेंट स्कीम के माध्यम से 31 अगस्त तक शहर के पांचों विधानसभा हलकों में कैंप लगाकर टैक्स एकत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी तरह से वाटर सप्लाई सीवरेज विभाग के अवैध कनेक्शन को लगातार रेगुलर किया जा रहा है।