पंजाब में रफ्तार पकड़ चुका कोरोना वायरस अब एक के बाद एक जीवन लीलने लगा है। राज्य में रविवार को लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस से एक और मौत हुई, जिसके साथ ही राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 46 हो गई है। शुक्रवार और शनिवार को भी राज्य में कोरोना से 2-2 मरीजों की मौत हुई थी। इस बीच, 24 घंटे के दौरान 30 नए पाजिटिव केस भी सामने आए हैं, जिनके साथ राज्य में कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या 2263 हो गई है। रविवार को 20 लोगों के ठीक होने की भी खबर आई, जिसके साथ कोरोना को मात देने वालों की संख्या 1987 हो गई है।
सेहत विभाग के अनुसार, रविवार को पठानकोट में कोरोना वायरस से एक व्यक्ति की मौत हो गई। 24 घंटे के दौरान लुधियाना में सबसे ज्यादा 9 पाजिटिव केस पाए गए हैं, जिनमें 7 पहले से पीड़ित के करीबी संपर्क वाले हैं जबकि 1 कैदी और 1 नया केस सामने आया है। रोपड़ में भी 8 केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1 केस आशा वर्कर का और 7 अन्य पहले से पीड़ित व्यक्ति के करीबी हैं। अन्य जिलों में होशियारपुर और जालंधर में 4-4, अमृतसर में 3 और मोगा व बरनाला में 1-1 पाजिटिव केस पाए गए हैं। इसी दौरान, ठीक हुए 20 लोगों में अमृतसर व लुधियाना के 4-4, होशियारपुर के 5, पठानकोट के 3, तरन तारन, गुरदासपुर, पटियाला व मोहाली के 1-1 मरीज शामिल हैं।
सेहत विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 87852 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 231 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 2 मरीज आक्सीजन सपोर्ट पर और 1 अन्य मरीज लुधियाना के अस्पताल में वेंटिलेटर पर है।