बुलेट सवार युवक-युवती गंभीर, पीजीआई रेफर ट्रक की टक्कर से दो कारें क्षतिग्रस्त, दोनों चालक फरार
पहला हादसा होने के बाद सड़क पर लगा जाम बना दूसरे हादसे की वजह, पुलिस ने वाहनों को हटाकर खुलवाया रास्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। देवीनगर पेट्रोल पंप के पास रविवार रात एक के बाद एक हुए दो सड़क हादसों से अफरा-तफरी मच गई। पहले तेज रफ्तार टिप्पर ने बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर लगे जाम में खड़े वाहनों को पीछे से आ रहे सरियों से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पहले हादसे में घायल युवक-युवती को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात देवीनगर पेट्रोल पंप के पास टिप्पर ने बुलेट को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर दोनों घायलों को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया।
जाम में खड़े वाहनों को ट्रक ने मारी टक्कर
पहले हादसे के कारण सड़क पर वाहन खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे सरियों से लदे ट्रक ने जाम में खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। ट्रक ने पहले एक ऑल्टो कार को टक्कर मारी, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद एक अन्य कार भी उसकी चपेट में आ गई। हालांकि कार सवार लोग बाल-बाल बच गए और उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।
दोनों चालक मौके से फरार
हादसे के बाद टिप्पर और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सेक्टर-21 पुलिस चौकी से जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क के एक तरफ करवाकर यातायात सुचारू कराया। वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने हादसे के कारणों और फरार चालकों की पहचान की जांच शुरू कर दी है।