पंचकूला। गांव अभयपुर और बुढ़नपुर में दूषित पानी की वजह से डायरिया फैल गया है। डायरिया के कारण जहां एक बच्चे की मौत हो गई है, वहीं 50 से अधिक लोगों की हालत गंभीर है। सभी उल्टी और दस्त से परेशान हैं। दोनों क्षेत्रों के अनेक लोगों का नागरिक अस्पताल में इलाज हो रहा है तो कई लोग निजी अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं। दोनों ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा दवाइयां और ओआरएस के पैकेट लोगों को वितरित किए हैं।
डायरिया का मुख्य कारण दोनों जगह गंदे पानी की आपूर्ति का होना बताया जा रहा है। लोगों का भी कहना है कि कुछ दिनों से दोनों गांवों में गंदा पानी आ रहा था। उसमें से बदबू भी आ रही थी। इस संबंध में लोगों ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को भी शिकायत की थी, इसके बाद गांव अभयपुर में तो पानी सप्लाई ठीक करने का दावा किया गया था, लेकिन इसके बाद भी पानी से बदबू आना बंद नहीं हुई और लोगों को डायरिया ने अपनी चपेट में ले लिया है।
गांव अभयपुर की महिला सुनीता ने बताया कि कई दिनों से पीने के पानी में बदबू आ रही थी। पानी पीने के बाद अचानक उल्टियां और दस्त लग गए। जिसके बाद उसे नागरिक अस्पताल लेकर आए, जहां पर पहले ही कई और मरीज भर्ती थे। सुरेश कुमार ने बताया कि कई दिनों से पानी में बदबू के बारे में स्थानीय पूर्व पार्षद सुभाष निषाद और युवा नेता अंकुश निषाद को सूचित किया गया था, जिन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों को भी मामले में शिकायत दी थी लेकिन पानी सप्लाई तो ठीक कर दी गई, लेकिन उस में बदबू आने का सिलसिला जारी था लोगों ने यह पानी लगातार पी लिया और जिसके कारण लोगों की हालत बिगड़ गई।
गांव अभयपुर और बुढ़नपुर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टॉफ की टीम को बैठाया गया है। मरीजों के स्वास्थ्य पर निगरानी रखी जा रही है, मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। - डॉक्टर मुक्ता, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल सेक्टर-6
मंगलवार रात से मामले सामने आने लगे हैं। अस्पताल में आए मरीजों को देखने से प्राथमिक तौर पर डायरिया की शिकायत है। मरीजों को दस्त और उल्टी लगी हुई है, जिसका इलाज किया जा रहा है मरीजों को दवाइयां भी दी जा रही हैं। - सुबीर सक्सेना, प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर