पंचकूला। अब तक 13 दिन में अभयपुर के रहने वाले 506 लोग डायरिया की चपेट में आ चुके हैं। अब तक पंचकूला के स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ ही पंचकूला जिला प्रशासन सजगता दिखा रहा है। एचएसवीपी ने पाइप लाइनों को चेक कर लिया है और दूषित पानी के कनेक्शन को काट दिया है।
अभयपुर से रविवार को डायरिया से संबधित मरीजों का आना जारी रहा। रविवार को डायरिया के पांच नए मरीज सामने आए हैं। अब तक भर्ती मरीजों की संख्या कम हो चुकी है। परिसर मे इस समय पांच लोग भर्ती है। जिसमें से दो बालिग हैं और तीन बच्चे शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधनपुर, राजीव और इंदिरा कॉलोनी में भी ओपीडी स्थापित की गई है जिससे किसी मरीज को इमरजेंसी के दौरान मेडिकल सुविधा प्रदान की जा सके। सीएमओ डाक्टर मुक्ता कुमार ने बताया कि विभाग के पास पांच लोग अभी अस्पताल मे एडमिट है।
अस्पताल और केंद्रों पर मरीजो को हर संभव मेडिकल सहायता प्रदान की जा रही है। अभयपुर से अब तक पानी के 77 सैंपल लिए गए हैं। जिसमें से 48 के रिजल्ट आ चुके हैं। इसमें से 18 पीने लायक नहीं हैं और 30 पीने योग्य हैं। अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 6675 घरों में विजिट की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अब तक यहां पर 101310 पैकेट ओआरएस वितरित किए हैं।