क्राइम एंड एन्क्रोचमेंट फ्री मिशन के तहत कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी शुरू
सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में चलाया गया विशेष अभियान
एचएसवीपी के सहयोग से बुलडोजर लगाकर हटाए गए अवैध कब्जे
प्रवासियों और संदिग्ध व्यक्तियों का किया जा रहा सत्यापन
शहरभर में अभियान जारी रखने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पुलिस ने शहर को अपराध और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे क्राइम एंड एन्क्रोचमेंट फ्री मिशन के तहत सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में यवनिका पार्क और परेड ग्राउंड के आसपास अवैध रूप से बनाई गई झुग्गी-झोंपड़ियों को हटाया गया। इस दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ अवैध रूप से रह रहे लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अभियान भी चलाया गया।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सहयोग से अवैध रूप से बनाई गई झुग्गियों को बुलडोजर की मदद से हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार अभियान के तहत अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के बाद अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि शहर में जहां भी अवैध झुग्गियां और अतिक्रमण पाए जाएंगे, वहां यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पंचकूला की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और नागरिकों की शांति बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।