पुलिस और एनफोर्समेंट टीम की कार्रवाई, पर्यावरण और राजस्व की रक्षा का दावा
रामपुर और डाकरा नदी क्षेत्रों में अवैध खनन में संलिप्त वाहन पकड़े गए
खनन विभाग ने दोनों ट्रैक्टर‑ट्रॉली जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। रायपुररानी थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस, एनफोर्समेंट टीम और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। रात्रि गश्त के दौरान ग्राम रामपुर नदी क्षेत्र में एक ट्रैक्टर‑ट्रॉली को पकड़ लिया गया। चालक वाहन लेकर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाकर उसे मौके पर रोक लिया।
पकड़े गए वाहन को थाना रायपुररानी में खड़ा कर खनन विभाग को सूचना दी गई, जिसने जांच के बाद वाहन को नियमानुसार जब्त कर लिया। वहीं, डाकरा नदी क्षेत्र में एनफोर्समेंट टीम ने एक अन्य ट्रैक्टर‑ट्रॉली को पकड़ा और खनन विभाग ने इसे भी जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष पीएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि अवैध खनन से पर्यावरण और सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि पुलिस, एनफोर्समेंट टीम और खनन विभाग की संयुक्त निगरानी लगातार जारी रहेगी।