संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम युद्ध नशे के विरुद्ध के तहत जालंधर में कार्रवाई करते हुए एक और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
वीरवार सुबह जालंधर नगर निगम की टीमें जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के साथ अली मुहल्ला इलाके में पहुंची, जहां पर कुख्यात नशा तस्कर के एक अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर का कहना था कि उक्त आरोपी अमरजीत सिंह पर कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 10 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं।
नशा तस्कर अमरजीत सिंह ने जालंधर में नशे के पैसे से अवैध निर्माण किया हुआ था, जिसे ध्वस्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नशे से जुड़ी कोई भी अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसी कार्रवाइयां आने वाले दिनों में भी जारी रहेंगी। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से नशे से संबंधित कोई भी जानकारी सरकार द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर पर साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।