मोरनी। भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा संबंधित सीटू मोरनी ब्लाक की बैठक बालग पंचायत के खरोग गांव में हुई। बैठक में उपस्थित यूनियन के सदस्यों को सीटू के जिला सचिव लच्छी राम शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने बीडीपीओ कार्यालय से संबंधित अधिकारियों पर उनकी वेरिफिकेशन नहीं करने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि पहले निर्माण मजदूरों की 90 दिन की वेरिफिकेशन यूनियन करती थी, अब उसकी जिम्मेदारी बीडीपीओ व संबंधित अधिकारियों के पास है लेकिन वह उनकी वेरिफिकेशन करने की बजाए उनका परेशान कर रहे हैं जिससे मजदूरों को कार्यालय के चक्कर लगाने से मानसिक व आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आरोप है कि जनवरी 2019 में कन्यादान, मृत्यु मुआवजा आदि राशि के लिए आवेदन किया था तब से अब तक एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पंचकूला जिले में एक भी मजदूर के खाते में राशि नहीं डाली गई। अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ पंचकूला जिले के प्रत्येक गांव मेें बैठकें कर मजदूरों को इकट्ठा करके पंचकूला उपायुक्त कार्यालय पर फरवरी के अंतिम सप्ताह में प्रदर्शन करेंगे। अगर फिर भी उनकी मांगों का समय पर समाधान नहीं हुआ तो उपायुक्त कार्यालय व श्रम कल्याण बोर्ड पर अनिश्चित कालीन धरना दिया जाएगा। बैठक में हुक्म चन्द, अच्छर राम, लाल सिंह, रामरत्न, धर्म पाल, मदन लाल आदि शामिल रहे।