एक माह में 11 वाहन किए इंपाउंड, 18.73 लाख जुर्माना वसूला और नौ पर दर्ज किया मामला
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। किसी भी गांव में खनन होने पर संबंधित पंचायत के खिलाफ कार्रवाई होगी। सरपंच और ग्राम सचिव खनन की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराते हैं तो उन पर मिलीभगत की संभावनाएं जाहिर होंगी। यह आदेश मंगलवार को उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने लघु सचिवालय में आयोजित डीएलटीएफ समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं विकास अधिकारियों से इस विषय में रिपोर्ट ली जाए। लगातार उपायुक्त कार्यालय में ऐसी शिकायतें आ रही हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी पंचायतों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। बैठक में बताया गया कि माइनिंग विभाग ने एक माह में अवैध माइनिंग करने वाले 11 वाहनों को इंपाउंड किया है। इन पर 18.73 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा नौ वाहनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें खनन करवाने वाले दो भूमि मालिकों पर भी केस दर्ज हुआ है। मोनिका गुप्ता ने कहा कि उपमंडल अधिकारियों के नेतृत्व में टास्क फोर्स का गठन किया गया है। जिले के पंचकूला व कालका उपमंडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का निरीक्षण करें। साथ में संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, पुलिस अधिकारी और वन विभाग के अधिकारियों को भी शामिल करें। उन्होंने अगले माह होने वाली बैठक में दोनों उपमंडलों से अलग से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
नवंबर में चालानों की संख्या बढ़ाने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने आरटीए को निर्देश दिए कि नवंबर माह में चालानों की संख्या बढ़ाई जाए। प्रदूषण को लेकर माइनिंग की गाइडलाइन भी जारी हुई है। कोई भी वाहन बिना कवर किए सड़कों पर आवाजाही नहीं कर सकता है। ओवरलोड वाहनों को किसी भी स्तर पर नहीं छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि अक्टूबर माह में अनकवर्ड, बिना नंबर प्लेट, ओवरलोडिड होकर चलने वाले 250 वाहनों के आरटीए ने चालान काटे हैं।
उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तहसील कार्यालय के अधिकारियों को लेकर क्रशरों के स्थानों की जांच करें। जो क्रशर निर्धारित स्थानों पर नहीं मिलते उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ क्रशर नदी के किनारे स्थापित हैं और वो मौका पाते ही नदी से खुदाई कर रहे हैं। जांच होते ही अपने वाहनों को क्रशर पर खड़ा कर देते हैं। ऐसे लोगों पर सख्ती बरती जाए।
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर आरटीए हैरतजीत कौर, एसडीएम पंचकूला गौरव चौहान, एसडीएम कालका राजेश पुनिया, डीएफओ विशाल कौशिक, माइनिंग अधिकारी गुरजीत सिंह, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन आशीष चौधरी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल ऑफिसर सुधीर मोहन सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।