बरवाला। गांव रत्तेवाली में खनन बंद करवाने को लेकर ग्रामीण करीब 14 दिन से धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन की ओर से उन्हें नदी से खनन बंद करने को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता तब तक वह धरना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि अगर दो दिन में उनकी समस्या का हल नहीं हुआ तो वे नेशनल हाईवे जाम करेंगे।
ग्रामीणों की ओर से यह धरना टोका-खेतपुराली मार्ग पर स्थित गांव के बस स्टाप पर दिया जा रहा है। वहीं, ग्रामीणाें की ओर से सड़क से गुजरने वाले सभी टिप्परों को वहां से नहीं गुजरने दिया जा रहा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूला राम रत्तेवाली, ग्रामीण सरवन सिंह, स्वर्ण सिंह, महेन्द्र सिंह, राम सिंह, बंसी लाल व जसवीर सिंह आदि ने बताया कि उनके गांव व खेतों के साथ लगती नदी से ठेकेदार द्वारा जो अवैध रूप से खनन किया जा रहा है वह किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे।