पंचकूला। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी प्रकार का अवैध निर्माण नहीं होना चाहिए। यदि कहीं अवैध काॅलोनी कट रही है तो इसकी जानकारी दें। उपायुक्त लघु सचिवालय सभागार में अवैध अतिक्रमण को रोकने और अनधिकृत काॅलोनियों के लिए गठित जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को नेशनल हाईवे पर होने वाले अवैध निर्माणों को हटाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों और निर्धारित सड़कों के आसपास हो रहे अवैध निर्माणों को लेकर कहा कि इस संबंध में एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी समय रहते कार्यवाही करें। उपायुक्त ने बैठक के दौरान कहा कि यदि कहीं पर अवैध निर्माण को गिराने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की आवश्यकता होती है तो तुरंत मुहैया करवाई जाएगी। यदि किसी कारण निर्धारित तिथि और समय पर पुलिस बल उपलब्ध नहीं हो रहा है तो यह बात तत्काल उनके संज्ञान में लाई जाए। इस अवसर पर एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम संयम गर्ग, एचएसवीपी के संपदा अधिकारी मानव मलिक, डीआरओ डाॅ. कुलदीप मलिक, डीटीपी संजय नारंग, तहसीलदारों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।