पंचकूला। मां दुर्गा की प्रतिमाओं का वीरवार को विधिवत विसर्जन किया गया। पूजा-अर्चना और हवन के बाद भक्तों ने मां को विदाई दी और घग्गर नदी में श्रद्धा भाव से प्रतिमाएं विसर्जित कीं। इस अवसर पर भक्तों ने जयकारों के साथ जय माता दी के नारे लगाए और भजन-कीर्तन कर विसर्जन यात्रा निकाली। पूरे माहौल में भक्ति, उमंग और आस्था का संचार देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और मां दुर्गा से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।