हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो ने किया खुलासा पंचकूला कोर्ट में बीते 5 मई को हुई थी सुनवाई माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा कौशल विकास मिशन रिश्वतकांड में हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ा खुलासा किया है। आईएएस अधिकारी विजय दहिया ने 75 लाख रुपये के बिल पास करने के लिए 13 लाख रुपये की रिश्वत ली है। रिश्वत का यह पैसा एचएसडीएम के चीफ स्किल ऑफिसर के मार्फत ली है। इसका खुलासा तब हुआ है जब एसीबी ने पंचकूला कोर्ट में पूनम चोपड़ा की जमानत को लेकर हुई सुनवाई के दौरान एक गवाह के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए। कोर्ट ने सुनवाई के बाद पूनम चोपड़ा की जमानत अर्जी खारिज कर दी है।
एसीबी की तरफ से कहा गया है कि गवाह विक्रम सिंह ने 5 मई को सीआरपीसी की धारा 164 (मजिस्ट्रेट के सामने एक बयान) के तहत अपना बयान दर्ज कराया था। शिव एजुकेशन सोसाइटी, लाला कुंदन लाल सोसाइटी, बीआरएम एजुकेशन और सर्वोदय एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी की उनकी 75 लाख रुपए की पेमेंट 13 लाख रुपये रिश्वत के भुगतान पर मिली है। यह भी पता चला कि 13 लाख रुपये हरियाणा कौशल विकास मिशन के सीएसओ दीपक शर्मा के माध्यम से भुगतान किया गया था।
दहिया के साथ दो और आरोपी
रिश्वतकांड में आईएएस विजय दहिया के साथ पूनम चोपड़ा और दीपक शर्मा को एसीबी ने आरोपी बनाया है। हालांकि दीपक शर्मा अब सरकारी गवाह के रूप में जांच में शामिल हो गए हैं। यह तीनों 50 लाख रुपये के बिलों के भुगतान के लिए 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगने के लिए 20 अप्रैल को पंचकूला के पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और जबरन वसूली के तहत दर्ज एक मामले में आरोपी हैं।
3 लाख रुपए की रिश्वत के साथ पकड़ी गई पूनम
इस मामले की अहम कड़ी कही जाने वाली पूनम चोपड़ा को हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो ने 20 अप्रैल को 3 लाख रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ा था। बाद में पुलिस रिमांड के दौरान उसके दिल्ली कार्यालय से 2 लाख रुपये बरामद किए गए थे। एसीबी ने अदालत के समक्ष अब तक कॉल रिकॉर्डिंग, व्हाट्एप चैट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई जांच से पता चला है कि चोपड़ा दहिया के लिए शिकायतकर्ता रिंकू मनचंदा से रिश्वत मांग रही थी।
सौदा होने के बाद दहिया ने जारी किए 10 लाख
इस मामले में शिकायतकर्ता रिंकू मनचंदा के 50 लाख रुपये के बिल तीन सालों से मंजूरी के लिए लंबित थे, लेकिन जब चोपड़ा के साथ सौदा हुआ तो दहिया ने 6 अप्रैल से 17 अप्रैल तक 10.43 लाख रुपये के छह बिलों को मंजूरी दे दी। एसीबी ने ये सारे सबूत कोर्ट में पूनम चोपड़ा की जमानत को लेकर सुनवाई के दौरान दिए। हालांकि कोर्ट ने पूनम की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी।