पंचकूला। जिले के पीएम श्री, संस्कृति मॉडल सहित चीफ मिनिस्टर एक्सिलेंस एंड अर्ली इंग्लिश (सीएम ईईई) स्कूलों की निगरानी अब आईएएस और एचसीएस अधिकारी करेंगे। स्कूलों का क्वालिटी ऑडिट करने के लिए मुख्य सचिव के निर्देश पर हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (एचएसएसपीपी) ने पीएम श्री स्कूलों को उपायुक्तों, अतिरिक्त उपायुक्तों, एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, जिला परिषद के सीईओ, नगर निगम आयुक्त और रोडवेज जीएम के साथ अटैच किया है। ये अधिकारी मेंटर के तौर पर स्कूलों की मॉनिटरिंग करेंगे। पंचकूला प्रशासन ने असेसमेंट फ्रेमवर्क तैयार कर क्वालिटी ऑडिट शुरू कर दिया है।
स्कूलों में ढांचागत-पढ़ाई सुविधाओं पर फोकस
जिले में अधिकारी स्कूलों में पढ़ाई, खेल गतिविधियों, कंप्यूटर लैब और ढांचागत सुविधाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। एडीसी विवेक आर्य के निर्देश पर निरंतर मॉनिटरिंग हो रही है। 2025-26 के राज्यस्तरीय असेसमेंट में पंचकूला ने प्रथम स्थान हासिल किया था।
अधिकारियों को स्कूलों का फिजिकल इंस्पेक्शन कर सुविधाओं, गतिविधियों, इंफ्रास्ट्रक्चर और रिकॉर्ड की जांच करनी होगी। रिपोर्ट पीएम श्री पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।