पंचकूला। चंडी कोटला के रहने वाले 19 साल के दिव्यांग जतिन श्री हनुमंत कथा सुनने और खुद के ठीक होने की उम्मीद लेकर पहुंचे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने मां रेखा शर्मा और पिता मनोज कौशिक के साथ पहुंचे। जतिन ने बताया कि वह मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (मांसपेशीय दुर्विकास) से पीड़ित हैं। वह इस उम्मीद के साथ कथा सुनने पहुंचे कि पांच दिनों की श्री हनुमंत कथा के दौरान अपने पैरों पर खड़े होकर चल सकेंगे। उनका कहना है कि काश... पांच दिनों में मैं अपने पैरों पर चल पाता। जतिन ने साल 2022 में हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। वह स्पेस साइंटिस्ट बनना चाहते हैं। जतिन ने बताया कि वह रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और वह 26 से 30 मई तक पांच दिनों की कथा के दौरान बाबा बागेश्वर धाम की कृपा से ठीक होने की उम्मीद रखते हैं।