शहरवासियों को पानी के बिल के साथ इस बार चार साल पुराना बढ़ोतरी का बकाया भेजने से लोगों में आक्रोश
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने कोरोना काल से पहले के पानी के बिलों की बढ़ोेतरी का बकाया इस बार भेज दिया है। चार साल की बकाया राशि करीब चार से दस हजार रुपये प्रति बिल के हिसाब से लोगों को मिला है। सूत्रों के अनुसार प्राधिकरण के खाते में पंचकूला से करीब साढ़े तीन करोड़ जबकि प्रदेशभर से 50 करोड़ आएंगे। कोरोना काल से पहले 2018 से बढ़ाए बिलों का बकाया वसूलने को लेकर लोगों में नाराजगी है। भारी भरकम बकाया राशि जोड़ने भेजने के खिलाफ शुक्रवार को हाउस ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन (होवा) सेक्टर-10 के शिष्टमंडल ने शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी और प्रशासक पंचकूला सुजान सिंह को ज्ञापन सौंपा।
होवा ने मांगपत्र में शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा 2018 से बकाया राशि वसूलने को अन्यायपूर्ण बताया। उन्होंने मांग की है कि चार वर्षों की सारी बकाया राशि को प्राधिकरण द्वारा माफ की जाए। होवा चेयरमैन भारत हितैषी ने बताया कि वर्ष 2018 में शहरी विकास प्राधिकरण ने निर्णय लिया था कि पानी के रेट हर वर्ष 5 प्रतिशत बढ़ाए जाएंगे लेकिन प्राधिकरण द्वारा वर्ष 2018 के मध्य वर्ष 2022 तक बढ़े रेटों के निर्णय को लागू नहीं किया और इस निर्णय को मध्य वर्ष 2022 में लागू करके बढ़े रेटों से पानी के बिल भेजे जाने लगे और शहरवासी इन बढ़े रेट के अनुसार बिल भर भी रहे हैं।
होवा प्रधान बीएम कौशिक और संस्थापक एनसी स्वामी ने बताया कि प्राधिकरण के अनुसार सरकारी ऑडिट के दौरान एतराज जताया गया कि प्राधिकरण द्वारा वर्ष 2018 से 2022 तक बढ़े रेटों अनुसार पैसा चार्ज क्यों नहीं किया गया। होवा के संरक्षक संजय आहूजा, बाबू दलजीत सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान सुभाष शर्मा, सलाहकार प्रोफेसर बीके गुप्ता, एसपी विज, दिनेश सिंगला ने रोष प्रकट कर कहा कि प्राधिकरण अपनी भूल और गलती को छिपाने के लिए चार वर्षों की बकाया राशि का आर्थिक बोझ नागरिकों पर डालकर अन्याय कर रहा है। संरक्षक हरीश साहनी, वरिष्ठ उपप्रधान अमित गुप्ता, सुभाष भारद्वाज, एसके शर्मा, प्रेम लाल गुप्ता, आरके शर्मा ने बताया कि सेक्टर-10 के मकान नंबर-141 निवासी संसार चंद्र के पानी के बिल की राशि 3000 बनती है। इसमें चार वर्षों की बकाया राशि 6714 जोड़कर कुल राशि 9714 रुपये बना दी गई है।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-6 के मकान नंबर 579 निवासी अरविंद गोयल का पानी का बिल 2306 रुपये बनता है, जबकि इसमें 4 साल की एरियर राशि 3952 रुपये जोड़कर कुल 6249 रुपये बना दी गई है। इसी तरह सेक्टर-10 के मकान नंबर-55 निवासी भारत हितैषी का पानी का बिल 122 रुपये बनता है। इसमें 2996 रुपये जोड़ दिए गए हैं। सेक्टर 10 के मकान नंबर 125 निवासी चमनलाल धमीजा के 1163 रुपये के पानी के बिल में 3816 रुपये और जोड़ दिए गए हैं। इसी प्रकार सेक्टर 10 के मकान नंबर 134 निवासी रविंद्र जैन, मकान नंबर 131 निवासी एमएल जैन, मकान नंबर 132 निवासी अशोक हांडा ने बताया कि उनके पानी के बिलों में हजारों रुपये की अतिरिक्त बकाया राशि जोड़कर नागरिकों पर अनावश्यक बोझ डालकर आर्थिक और मानसिक तौर पर परेशान किया जाना न्याय संगत नहीं है।
चेयरमैन भारत हितैषी, बृजलाल जैन, जीडी बत्रा, सुनील गुप्ता, डीएन मोंगा, मुकेश गोयल, जीसी कौशिक, रवि भारद्वाज ने हरियाणा शहरी प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक बालाजी जोशी व प्रशासक सुजान सिंह से आग्रह किया है कि वर्ष 2018 से 2022 तक के पानी के बढ़े रेटों की बकाया राशि माफ कर नागरिकों को इस अन्याय से निजात दिलाएं।