- अन्य अधिकारियों पर भी गिर सकती है गाज, एसडीओ स्तर का एक अधिकारी चल रहा छुट्टी पर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहर के सेक्टर-8 में अवैध तरीके से कंटेनर रखकर शराब का ठेका चलाने की मंजूरी देने पर मुख्य प्रशासन ने एक जेई को सस्पेंड कर दिया है। वहीं अभी मामले की जांच चल रही है। मामले में एसडीओ स्तर के एक और अधिकारी पर गाज गिर सकती है। फिलहाल एसडीओ छुट्टी पर चल रहा है। हुआ यह कि कुछ दिन पहले ही एक्साइज विभाग ने ठेके अलॉट किए थे। इनमें से एक ठेका सेक्टर-8 का भी है। फर्म ने ठेका खोलने के लिए एचएसवीपी के एक अधिकारी से जगह देने की मांग की थी। इस पर फर्म को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एक जेई ने मंजूरी दे दी। यह मामला जब अन्य अधिकारियों के संज्ञान में आया तो एचएसवीपी की टीम कंटेनर को हटाने के लिए पहुंची। फर्म ने टीम को कोर्ट से लिया गया स्टे ऑर्डर दिखा दिया, इस कारण उसे वहां से नहीं हटाया जा सका। इसके बाद अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि जेई ने वहां ठेका चलाने की मंजूरी दी। इसलिए मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी ने जेई को सस्पेंड कर दिया।
ठेके के चारों तरफ खाई खोदी
कोर्ट के स्टे ऑर्डर के कारण एचएसवीपी की टीम कंटेनर को तो नहीं हटा पाई, मगर ठेके के चारों तरफ जेसीबी से खाई खोद दी। अब वहां न बिजली का कनेक्शन हो सकेगा और न ही पानी का। अब ठेकेदार जेनरेटर लगाकर अपना काम चला रहा है।
एसडीओ गए छुट्टी पर
सूत्रों के अनुसार जेई ने यह मंजूरी एसडीओ के कहने पर दी थी। अधिकारियों की जांच में भी यह बात सामने आ रही है। संभव है कि उस एसडीओ के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। वहीं दूसरी ओर एसडीओ फिलहाल तीन-चार दिन से छुट्टी पर चल रहे हैं।
मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है। ऐसा कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। - सुजान सिंह, प्रशासक पंचकूला, एचएसवीपी
ठेकेदार का पक्ष आना है।