एचएसवीपी के चीफ आईटी ऑफिसर की शिकायत पर सेक्टर-7 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गुरुग्राम के एक अलॉटी द्वारा ई-रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर एचएसवीपी के साथ भुगतान करने में धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-7 पुलिस ने चीफ आईटी ऑफिसर योगेश राणा की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम के विशाल गुप्ता ने जून 2022 में एचएसवीपी के प्लॉट की ऑनलाइन नीलामी में भाग लिया। इसमें उन्होंने सबसे ज्यादा बोली लगाई और प्लॉट उनको अलॉट कर दिया गया। एचएसवीपी की शर्तों के अनुसार प्लॉट की कीमत का उनको पहले 5 प्रतिशत फिर 15 प्रतिशत और उसके बाद बाकी बची राशि जमा करवानी थी।
विशाल गुप्ता ने 5 और 15 प्रतिशत तो जमा करवाई बची राशि में से भी कुछ राशि जमा करवाकर उसमें फर्जी चालान की कॉपी अपलोड कर दी। इसके बाद एचएसवीपी की आईटी विंग को मामले की जांच करने को कहा गया तो धोखाधड़ी का पता चला। विशाल गुप्ता को प्लॉट के एवज में जमा की गई राशि की पूरी बैंक डिटेल ऑनलाइन भेजने को कहा गया। इसके अलावा उसकी फिजिकल कॉपी भी एचएसवीपी के दफ्तर में जमा करने को कहा गया। इसके अलावा उन्हें रिप्लाई फाइल करने को कहा गया क्योंकि उन्होंने रुपये जमा नहीं करवाए थे।
इस पर उन्होंने कहा कि वह कई बार एचएसवीपी के गुरुग्राम स्थित दफ्तर में 2022-23 के मध्य पैसा जमा करवाने गए थे, हरेक बार उन्हें ऑफिस में प्लॉट की पूरी राशि जमा होने की बात बताई गई। वह खुद बकाया राशि जमा करने के इच्छुक थे, लेकिन हर बार उन्हें एचएसवीपी के दफ्तर में प्लॉट की पूरी राशि जमा होने के बारे में बताया गया। एचएसवीपी की आईटी विंग और अकाउंट्स विंग की तरफ से विशाल गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के बाद अब इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।