पंचकूला। पानी का बिल नहीं भरने वालों के खिलाफ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने रविवार को भी अभियान चलाया है। विभाग के इंजीनियरिंग विंग ने 43 कॉमर्शियल डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं। इनमें एमडीसी 5 और 6, औद्योगिक क्षेत्र फेस एक और दो सहित पंचकूला के सभी सेक्टर शामिल हैं। यह जानकारी प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि इसे लेकर अब तक विभाग ने 137 कॉमर्शियल डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे हैं।
सोमवार से विभाग का इंजीनियरिंग विंग सरकारी कार्यालयों और घरेलू पानी के कनेक्शन भी काटने की तैयारी में है। 46 सरकारी भवनों के 37 लाख रुपये पानी बिल के बकाया हैं। इनका भी जल्द कनेक्शन काटा जाएगा।
बता दें कि शहर में कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो लंबे समय से पानी का उपभोग तो कर रहे हैं, लेकिन बिल जमा नहीं करवाते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्राधिकरण ने विशेष अभियान चलाया है। ये सभी कॉमर्शियल उपभोक्ता थे।
कई बार दिए जा चुके थे नोटिस
एक प्रवक्ता ने बताया कि इन डिफाल्टर उपभोक्ताओं को बिल जमा कराने के लिए प्राधिकरण की तरफ से कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नोटिस में बताया गया था कि अगर बिल नहीं भरा गया तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे। मगर उन्होंने नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया और बिल जमा नहीं करवाया। शहर में कई ऐसे संस्थान और घरेलू कनेक्शन ऐसे हैं, जिन्होंने सालों से पानी का बिल जमा नहीं कराया है। अगर पूरे शहर की बात करें तो प्राधिकरण को करोड़ों रुपये के बिल की वसूली डिफाल्टर उपभोक्ताओं से करनी है।