पंचकूला। सेक्टर-22 के आईटी पार्क में 10 प्लाॅटों की नीलामी पर एचएसआईआईडीसी आज मंथन करेगा। प्लाॅटों की नीलामी की तारीख सोमवार को तय की जाएगी। इसका सीधा फायदा बरवाला में स्थापित होने वाले मेडिकल हब को मिलेगा। वह यहां अपना कार्यालय बना सकते हैं। पंचकूला में लोकेशन के हिसाब से आईटी पार्क बेहतरीन जगह पर विकसित किया गया है।
नेशनल हाईवे के नजदीक स्थित होने के कारण यहां से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के लिए आना-जाना काफी आसान है। इसके अलावा आईटी क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। वर्तमान में 20 प्लॉट बिक चुके हैं, जहां करीब 1500 युवाओं को रोजगार मिला है। शेष 10 प्लॉट रह गए थे, जिनकी नीलामी होनी है। जिनमें 1800 वर्ग मीटर, 3600 वर्ग मीटर, 6850 वर्ग मीटर और 7500 वर्ग मीटर के प्लॉट शामिल किए गए है। आवेदन 20 जनवरी तक मांगे गए थे। उनका आरक्षित मूल्य 29700 रुपये प्रति वर्ग मीटर रखा गया है।
सात दिन में करना होगा 10 फीसदी भुगतान
एच-1 बोलियों की स्वीकृति के लिए बोलीदाताओं को सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त करने के लिए हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन (एचएसआईआईडीसी) की ओर से सूचना देने के सात दिन के भीतर एच-1 बोली मूल्य पर 10 फीसदी भुगतान (पंजीकरण के समय जमा की गई ईएमडी राशि को समायोजित करने के बाद) पूरा करना होगा। ऐसा नहीं करने पर पंजीकरण के समय जमा की गई पांच फीसदी ईएमडी जब्त हो जाएगी। एच-1 भुगतान जमा करने के लिए कोई विस्तार नहीं दिया जाएगा। इसलिए बोलीदाता की यह जिम्मेदारी होगी कि वह ई-नीलामी पोर्टल पर अपनी बोली की स्वीकृति की स्थिति नियमित जांच करें और एच-1 बोली मूल्य का 10 फीसदी पूरा करने के लिए शेष भुगतान की मांग करे। पंजीकरण जारी होने के 30 दिन के भीतर प्लॉट की कीमत का 15 फीसदी (आरएलए जारी करने की तिथि को छोड़कर), जिसे विस्तारित अवधि के लिए 15 फीसदी प्रतिवर्ष ब्याज के साथ 30 दिन के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है। यदि आवंटी 60 दिन के भीतर भुगतान करने में विफल रहा तो आरएलए समाप्त हो जाएगा।
आईटी सेक्टर में हैं कुल 30 प्लॉट
2008 में आईटी पार्क के निर्माण का काम शुरू हुआ था। यहां कुल 30 प्लॉट हैं। इनमें से करीब 20 पर निर्माण हो चुका है। अभी 10 प्लॉट खाली पड़े हैं। यह प्लॉट फ्री होल्ड पर दिए जाएंगे। पहले दिन से बैंक लोन उठा सकेंगे। यहां एफआरए 250 है। इसके चलते यहां 8 से 9 मंजिल भवन बना सकते हैं।
आईटी पार्क पूरी तरह से विकसित हो चुका है। यहां 10 प्लॉट शेष रह गए हैं। इसकी नीलामी का सोमवार को डेट फाइनल होगा। इस नीलामी में शामिल होने के लिए 20 जनवरी तक विभाग की साइट पर रजिस्ट्रेशन मांगे गए थे। -संजय फोगाट, स्टेट मैनेजर, एचएसआईआईडीसी हरियाणा।