तेज रफ्तार कार ने पहले कार और फिर टेंपो ट्रैवलर को मारी टक्कर, हाईवे पर मची अफरातफरी
दोनों कारें और टेंपो ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात कराया बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर चंडीमंदिर ट्रैफिक लाइट प्वाइंट के समीप सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक कार और टेंपो ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घायल को राहगीरों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिमला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पहले मोरनी से पंचकूला जा रहे पंडित जगत राम की कार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग खुल गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद अनियंत्रित कार दूसरी लेन में पहुंच गई और पंचकूला से नालागढ़ जा रहे कर्मचारियों से भरे टेंपो ट्रैवलर से टकरा गई।
हादसे की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया। टक्कर के बाद बाइक टेंपो ट्रैवलर के नीचे जा घुसी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
पंडित जगत राम ने बताया कि हादसे में उनकी नई कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं टेंपो ट्रैवलर चालक ने बताया कि उसकी गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हादसे का कारण बनी कार का चालक नशे की हालत में था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।