पंचकूला। सड़क हादसे में जान गंवाने वाली दो बच्चों की मां के परिवार को मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल (एमएसीटी) ने बड़ी राहत दी है। ट्रिब्यूनल ने रायपुररानी निवासी सोना देवी (38) के परिवार को 52 लाख 21 हजार 500 रुपये मुआवजा देने के आदेश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि परिवार के लिए गृहिणी का योगदान भी आर्थिक महत्व रखता है और घरेलू कामकाज को आय के आकलन से अलग नहीं किया जा सकता। खास बात यह है कि परिवार मृतका के नौकरी करने और 30 हजार रुपये मासिक वेतन मिलने का कोई दस्तावेजी प्रमाण पेश नहीं कर पाया था। इसके बावजूद अदालत ने गृहिणी के योगदान को आधार बनाकर मुआवजा तय किया।
याचिका के अनुसार, 25 सितंबर 2024 को सोना देवी अपनी सहेली परवीन उर्फ आरती के साथ अंबाला गई थीं। वापसी के दौरान वह आरती के भाई रमेश कुमार और जतिंदर कुमार के साथ कार में सवार थीं। गांव जामितगढ़ के पास प्रीत ढाबे के नजदीक हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर पीछे से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी-300 ने उनकी कार को टक्कर मार दी। वाहन यमुनानगर निवासी अरशद चला रहा था। हादसे में सोना देवी समेत तीन लोग घायल हो गए।
सोना देवी को अंबाला के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें सिविल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सुनवाई के बाद ट्रिब्यूनल ने चालक अरशद, वाहन मालिक साजिद और बीमा कंपनी को मुआवजे के लिए संयुक्त रूप से जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, पूरी राशि का भुगतान बीमा कंपनी को करना होगा।
बॉक्स : पति को 30 और दोनों बेटों को 35-35 प्रतिशत हिस्सा
ट्रिब्यूनल के आदेश के अनुसार, कुल मुआवजा राशि में से मृतका के पति राज कुमार को 30 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। वहीं, दोनों बेटों गुरदीप (18) और हरदीप (15) को 35-35 प्रतिशत राशि दी जाएगी। नाबालिग बेटे के हिस्से की रकम उसके बालिग होने तक बैंक में एफडी के रूप में जमा रहेगी।