पंजाब में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से नवंबर, 2021 में कैश-कलेक्शन 32 प्रतिशत वृद्धि से 1845 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो इस केंद्रीय कर प्रणाली के लागू होने बाद दूसरी सबसे बड़ी कलेक्शन है। इससे पहले अप्रैल, 2021 में इस बार की अपेक्षा अधिक कलेक्शन की गई थी। इस विकास दर में पंजाब देश में ओडिसा और केरला के बाद तीसरे स्थान पर है।
कराधान निदेशालय के प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब में नवंबर, 2021 के दौरान 1377.77 करोड़ रुपये जीएसटी राजस्व एकत्रित किया गया, जबकि पिछले साल इस महीने (नवंबर, 2020) के दौरान 1067 करोड़ रुपये राजस्व एकत्रित किया गया था, जो 29 प्रतिशत का मजबूत विस्तार बनता है। उन्होंने बताया कि जीएसटी राजस्व में नवंबर, 2021 तक पिछले साल के मुकाबले तकरीबन 54 प्रतिशत विस्तार हुआ है।
जीएसटी राजस्व में यह विस्तार राज्य सरकार की तरफ से किए गए नीतिगत और प्रशासकीय उपायों के साथ-साथ केंद्रीय टैक्स इनफोर्समेंट एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर जीएसटी कानून को राज्य में उचित ढंग से लागू किए जाने से हुआ है। नवंबर, 2021 के दौरान वैट और सीएसटी से क्रमश: 949.44 करोड़ रुपये और 20.19 करोड़ टैक्स एकत्रित किया गया है। पिछले साल इस समय के दौरान एकत्रित टैक्स के मुकाबले, इस साल वैट और सीएसटी से प्राप्त टैक्स में क्रमश: 28.73 प्रतिशत और 11.49 प्रतिशत का विस्तार दर्ज किया गया है। वैट राजस्व में इस मजबूत वृद्धि का मुख्य कारण अक्तूबर, 2020 के मुकाबले अक्तूबर, 2021 में औसत टैक्स दर का बना है।