पिंजौर। पिंजौर-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गोरखनाथ के समीप एक कार ने रास्ते में जा रहे भाई-बहन को टक्कर मार दी। इसके बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई जबकि उसकी बहन गंभीर हालात में अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता असलम निवासी जिला सारगं छपरा बिहार ने बताया कि वह गांव नवांनगर में किराये के मकान में रह रहा है। 23 नवंबर को रात करीब साढ़े 8 बजे वह अपने लड़के असगर अली, और लड़की ताजमा खातुन के साथ मढ़ावाला में पैसे निकलवाने के लिए गए थे। वह रात करीब 9 बजे गोरखनाथ के समीप सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर पैदल जा रहे थे। इस दौरान सामने से ओवरटेक करती हुई तेज रफ्तार कार ने उसके बेटा-बेटी को टक्कर मार दी।
इसके बार कार चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने से दोनों बच्चे गंभीर जख्मी हो गए। इसके बाद पीसीआर की सहायता से घायल बेटा, बेटी को पंचकूला सेक्टर 6 के अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया जबकि बेटी अस्पताल में उपचाराधीन है।