पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन ने कोरोना संक्रमितों की मदद के लिए सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर के मार्फत सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में एसएमओ डॉ. रीटा कालरा को जरूरी दवाओं की 1000 किट्स सौंपीं। ये किट्स विश्वास फाउंडेशन ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताई दवाइयों की लिस्ट के अनुसार ही तैयार की हैं।
विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि हरेक किट में बुखार की दवा, एंटीबायोटिक, मल्टीविटामिन, एंटीएलर्जिक, जिंक, विटामिन सी समेत कई दवाएं हैं। ऐसी 4000 किट्स और तैयार करवाई जा रही हैं। यह घरों में आइसोलेशन के तहत रह रहे संभावित कोरोना मरीजों को जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त घटना कमांडर डॉक्टर विशाल सैनी द्वारा समय-समय पर उपलब्ध कराई जाने वाली लिस्ट के आधार पर बांटी जाएगी।