बारिश होते ही शहर की सड़कों पर जलभराव होने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पंचकूला में रविवार को 45 मिनट हुई बारिश से हुडा के दावों की पोल खुल गई। शहर के सेक्टरों की गलियों और चौकों पर जलभराव की स्थिति हो गई। इसमें सेक्टर-20 के लाइट प्वाइंट, इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर-11 और सेक्टर-20 में जलभराव की स्थिति रही।
जलभराव के कारण पंचकूला में वाहनों के पहिए थम गए। इस वजह से चौकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानियों से जूझना पड़ा। मानसून की पहली बारिश के बाद हुडा की ओर से ड्रेनेज सिस्टम की सफाई तो करवाई गई, इसके बावजूद 45 मिनट की बारिश से ही सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली।
हुडा की ओर से एक ही बार सफाई करवाई गई है। सेक्टर-15 की मार्केट में ड्रेनेज सिस्टम ब्लॉक होने की वजह से जलभराव हो गया। दुकानदारों का कहना है कि हुडा की लापरवाही का खामियाजा हमें ही भुगतना पड़ता है।