फसलों को भारी नुकसान की आशंका, किसान गहरी चिंता में
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। सर्दी के मौसम में हुई भयंकर बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते जहां आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं किसान वर्ग अपनी फसलों को लेकर गहरी चिंता में डूबा हुआ है।
शुक्रवार को हुई बारिश के साथ चली शीतलहर के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। बीमार, बुजुर्ग और बच्चों की हालत सबसे ज्यादा प्रभावित बताई जा रही है। दूसरी ओर खेतों में खड़ी फसलें बारिश और तेज हवाओं की चपेट में आ गई हैं जिससे किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।
किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो फसलें पूरी तरह चौपट हो सकती हैं। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक दबाव का भी सामना करना पड़ेगा। मौसम की मार से परेशान किसान अपने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होते हुए सिर्फ देख पाने को मजबूर हैं।
किसानों की पीड़ा, बोले-बढ़ेगा आर्थिक संकट
मास्टर गुरजीत सिंह सैनी भानु ने बताया कि लगातार बारिश और तेज हवाओं का फसलों पर गहरा असर पड़ रहा है। नष्ट होती फसलों को देखकर किसान गहरी चिंता में हैं। सोहन सिंह कोट ने कहा कि मौजूदा बारिश से फसलें प्रभावित हो रही हैं। यदि बारिश और तेज हुई तो किसानों पर भारी आर्थिक दबाव आ सकता है। गुरजीत सिंह राणा बलौटी ने बताया कि इस बारिश से टमाटर, प्याज और गेहूं जैसी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। कई किसानों की आर्थिक हालत पहले ही कमजोर है और ऐसी स्थिति में नुकसान और बढ़ सकता है।