दोस्त की हत्या कर शव पटियाला की राव में फेंकने वाला तीसरा आरोपी गिरफ्तार
मृतक का मोबाइल बरामद, चौथे आरोपी की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। धनास गांव पुल के पास दोस्त की हत्या कर शव पटियाला की राव में फेंकने के मामले में सारंगपुर थाना पुलिस ने तीसरे आरोपी हर्ष उर्फ चुन्नी लाल (19) को शुक्रवार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शनिवार को उसे अदालत में पेश करेगी।
इस मामले में पहले ही सूरज उर्फ कांचा और बंटी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने हर्ष को दबोचा। अब चौथे आरोपी आर्यन उर्फ नोनी की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।
पुलिस ने हर्ष के कब्जे से मृतक आकाश का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल लूटने के इरादे से आकाश की हत्या की थी। पहले आकाश को शराब पिलाई। नशे में धुत होने के बाद जब उन्होंने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की तो आकाश ने विरोध किया। इसी दौरान आरोपियों ने उसके सिर पर पत्थर और कांच से ताबड़तोड़ वार कर दिए। आकाश बेसुध होकर गिर पड़ा और तड़पने लगा।
इसी बीच सूरज उर्फ कांचा शराब लेने गया हुआ था। जब वह लौटा तो देखा कि आकाश आखिरी सांसें ले रहा है। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर उसके सिर पर दोबारा पत्थर से वार किया और मौत के घाट उतार दिया। फिर शव को उठाकर पटियाला की राव में फेंक दिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आकाश का मोबाइल बेचकर शराब पीनी थी। हत्या के बाद भी चारों घटनास्थल के पास बैठकर शराब पीते रहे।
बॉक्स
खून से सने कपड़े, पत्थर और कांच जंगल से बरामद
जांच अधिकारी एसएचओ मिनी भारद्वाज ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की। बाद में वे खुद आरोपियों को लेकर घटनास्थल के नजदीकी जंगल में पहुंचीं। वहां उन्होंने वारदात के बाद छिपाए खून से सने कपड़े, कांच और पत्थर बरामद किए।
आकाश 15 अक्तूबर की रात से लापता था। परिजनों ने 18 को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 19 को उसका शव पटियाला की राव में मिला। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।