कालका। हिमाचल निवासी व्यक्ति से गाड़ी खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी कर गाड़ी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी ने जीरकपुर में गाड़ी बेच दी और अब वह पीड़ित का फोन नहीं उठा रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को शिकायत में राहुल राणा ने बताया कि वह गांव समसाई, डाकखाना पपलोग, तहसील सरकाघाट जिला मंडी हिमाचल का निवासी है। बद्दी में वह निजी कंपनी नौकरी करता है। उसने अपनी गाड़ी बेचने के लिए ओएलएक्स पर डाला था। उसके साथ कंपनी में ही प्रदीप नाम का लड़का काम करता है, जिससे उसने गाड़ी बेचने की बात की थी। प्रदीप ने राहुल की सोनू नाम के व्यक्ति से बात करवाई, सोनू ने कहा कि वह गाड़ी बिकवा देगा।
सोनू ने गाड़ी को कालका लाने को कहा। राहुल ने 11 जुलाई को गाड़ी अपने दोस्त प्रदीप कुमार के पास कालका में लाकर खड़ी कर दी और चाबी प्रदीप को दे दी। राहुल ने बताया कि 16 जुलाई को जब वह और प्रदीप कंपनी में थे तब प्रदीप के पास सोनू का फोन आया कि उसने किसी को गाड़ी दिखानी है, चाबी चाहिए।
प्रदीप ने जानकार को बोलकर चाबी सोनू को दिलवा दी। करीब 2:30 बजे उसके फोन पर चंडी मंदिर टोल प्लाजा से टोल कटने का मैसेज आया तो प्रदीप ने सोनू से इस बारे में पूछा तो उसने कहा कि गाड़ी लेने वाले का जीरकपुर में कोई मैकेनिक है उससे गाड़ी चेक करवानी है।
सोनू का फोन प्रदीप को आया कि गाड़ी पसंद कर ली है, गाड़ी के कागजात वैरिफिकेशन के लिए अपना और पिता का आधार कार्ड भेज दें, जो भेज दिए गए।