डिजिटल इंडिया अभियान की वैन को हरी झंडी दिखा रवाना करने पहुंचे थे
- फोटो : अमर उजाला
डिजिटल इंडिया अभियान से राज्य में भ्रष्टाचार कम हुआ है और काम में तेजी आई है। यह दावा प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया है। वह सोमवार को पंचकूला में ‘मिली मेरी प्रगति को रफ्तार’ डिजिटल इंडिया अभियान की वैन को हरी झंडी दिखा रवाना करने पहुंचे थे। वहीं दूसरी वैन को सिरसा से रवाना किया गया है। इससे पूर्व उन्होंने पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को रेड बिशप स्थिति पर्यटन केंद्र में संबोधित किया। इस अवसर पर सीएम ने ‘डायल हरियाणा’ नामक मोबाइल एप भी लांच किया है।
वैन में 5-8 लोग होंगे। जो सरकार द्वारा ऑनलाइन की गई योजनाओं नुक्कड़ नाटक और ऑडियो-विजुवल साधनों के माध्यम से प्रचार प्रसार करेंगे। प्रचार वाहन 6 माह में पूरे हरियाणा को कवर करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने राशन कार्ड, बच्चों के स्कूलों में दाखिले, बुढ़ापा पेंशन जैसी योजनाओं में डिजिटल इंडिया को अपनाया है। जिसकी वजह से अनेक खामियां सामने आई और इनको दुरुस्त करके बचे हुए पैसे को अन्य योजनाओं में प्रयुक्त किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया के तहत राज्य में ‘हर समय पेार्टल’, ‘स्टेट रेजीडेंट डाटा’, ‘सीएम विंडो’ जैसी करीब 200 सेवाओं को ऑनलाइन किया जा रहा है। इन सेवाओं के पूरी तरह से ऑनलाइन होने के बाद एक प्रकार से ‘सरकार आपके द्वार’ हो जाएगी। क्योंकि इन सभी सेवाओं का लाभ गांव के व्यक्ति को भी उसके घर कंप्यूटर या मोबाइल के माध्यम से मिल सकेगा।
डायल हरियाणा मोबाइल एप से मिलेगा फोन नंबर
औद्योगिक तकनीक विभाग के प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह नेे बताया कि ‘डायल हरियाणा’ मोबाइल एप को डाउनलोड करने पर 7 जून से राज्य सरकार के सभी विभागों के फोन नंबर इस एप पर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा प्रतिदिन की ताजा खबरें भी देखी जा सकेंगी। इस मौके पर भारत संचार निगम लिमिटेड के हरियाणा चीफ आरसी आर्य, चीफ पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा कर्नल सुखदेव राज व प्रशासन से जुड़े सभी मौजूद रहे।