23 केंद्रों पर 3263 परीक्षार्थी शामिल लंबे उत्तरों ने बढ़ाया लिखने का दबाव
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। पहले दिन अंग्रेजी विषय का पेपर आयोजित किया गया। जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर 3263 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित हुई। विद्यार्थियों को आधा घंटा पहले 12 बजे केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 23 केंद्रों पर पुलिस के 230 जवान तैनात किए गए थे।
पेपर औसत, उत्तर लिखने में लगा समय
परीक्षार्थियों के अनुसार अंग्रेजी का प्रश्नपत्र सिलेबस आधारित और औसत स्तर का रहा। पेपर में कुल 14 प्रश्न पूछे गए। बहुविकल्पीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल थे। विद्यार्थियों ने बताया कि प्रश्नों के उत्तर अपेक्षाकृत अधिक शब्दों में लिखने पड़े, जिससे पेपर लंबा महसूस हुआ और समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा।
सैंपल पेपर से मिली मदद
सेक्टर-15 स्थित पीएमश्री गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से परीक्षा देकर निकले राजकुमार, निशु, नितिन और हरिओम ने बताया कि सैंपल पेपर हल करने का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि प्रश्न पढ़ाए गए सिलेबस से ही पूछे गए थे, हालांकि उत्तर विस्तार से लिखने पड़े। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और प्रशासन ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।