नौ साल में दोगुने से ज्यादा हुआ राजस्व, जून 2026 में 4,175 करोड़ रुपये का संग्रह
जीएसटी लागू होने के नौ वर्ष पूरे होने पर आयोजित हुआ समारोह
2025-26 में 22 प्रतिशत वृद्धि के साथ देश में पहले स्थान पर हरियाणा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने के नौ वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में हरियाणा सरकार ने जीएसटी संग्रह में अपनी उपलब्धियां साझा कीं। अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी राजस्व वृद्धि के मामले में हरियाणा लगातार देश में पहले स्थान पर बना हुआ है।
समारोह की अध्यक्षता आबकारी एवं कराधान विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बरार ने की। इस अवसर पर विनय प्रताप सिंह, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, टैक्स बार, कर सलाहकार और व्यापार जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आशिमा बरार ने बताया कि वर्ष 2018-19 से 2024-25 के बीच हरियाणा का जीएसटी राजस्व दोगुने से अधिक हो गया है। क्षेत्रफल और जनसंख्या के लिहाज से छोटा राज्य होने के बावजूद राष्ट्रीय जीएसटी संग्रह में हरियाणा का योगदान करीब 7.4 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि कर प्रणाली को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के लिए समय-समय पर सुधार किए गए हैं। साथ ही करदाताओं और कर सलाहकारों के सहयोग की भी सराहना की।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में हरियाणा 22 प्रतिशत वृद्धि के साथ राज्य जीएसटी राजस्व वृद्धि में देश में पहले स्थान पर रहा। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में जून 2026 तक 32 प्रतिशत वृद्धि के साथ भी राज्य शीर्ष पर बना हुआ है।
जून 2026 में हरियाणा ने 4,175 करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह किया, जबकि जून 2025 में यह 3,641 करोड़ रुपये था। इस तरह एक वर्ष में 14.66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कुल संग्रह के मामले में हरियाणा गुजरात और आंध्र प्रदेश के बाद तीसरे स्थान पर रहा।
समारोह के दौरान राज्य के जीएसटी राजस्व में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ईमानदार करदाताओं को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों और करदाताओं से पारदर्शी कर व्यवस्था को और मजबूत बनाने में सहयोग जारी रखने की अपील की।