अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कनाडा में सड़क हादसे का शिकार हुए 27 वर्षीय हरनूर सिंह का पार्थिव शरीर लुधियाना पहुंचाया गया। इसके बाद परिवार ने अपने बेटे का अंतिम संस्कार किया। पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री संजीव अरोड़ा के हस्तक्षेप के बाद युवक का शव वापस लाया गया।
हरनूर सिंह एक उद्योगपति गुरचरण सिंह के पुत्र थे। 6 अक्तूबर को वह ओरो-मेडोंटे (ओंटारियो) में मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, नशे में धुत ट्रक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। परिवार सदमे में था और विदेश से पार्थिव शरीर लाने की प्रक्रिया में कई बाधाएं आ रही थीं।
परिवार ने 8 अक्तूबर की रात वर्ल्ड एमएसएमई फोरम के अध्यक्ष बदिश जिंदल के माध्यम से मंत्री संजीव अरोड़ा से संपर्क किया। साथ ही सीआईसीयू के प्रधान उपकार सिंह आहुजा ने भी परिवार की ओर से तुरंत सहायता की अपील की।