1559 कार्डों का वितरण बाकी, 50 रुपये शुल्क जमा कराने के बाद मिलेगा कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। हैप्पी कार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। कालका बस स्टैंड पर 14 मई से हैप्पी कार्ड का वितरण शुरू किया जाएगा। जिन लाभार्थियों को 16 अप्रैल 2026 या उसके बाद हैप्पी कार्ड संबंधी मैसेज प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि पर बस स्टैंड स्थित बस पास कार्यालय से कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। कालका में अभी 1559 हैप्पी कार्डों का वितरण बाकी है।
बस स्टैंड परिसर में वितरण प्रक्रिया और तिथि संबंधी नोटिस भी चस्पा किए गए हैं। नोटिस के अनुसार लाभार्थियों को मोबाइल पर प्राप्त मैसेज दिखाना होगा। इसके बाद बस पास कार्यालय से कार्ड एक्टिवेट करवाकर उन्हें कार्ड दिया जाएगा। सरकार की ओर से कार्ड के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसे नकद जमा कराने के बाद ही कार्ड वितरित किया जाएगा।
पंचकूला डिपो में हैप्पी कार्ड वितरण कार्य से जुड़े कर्मचारी सुशील ने बताया कि अगस्त 2024 से 2025 सत्र के दौरान पंचकूला डिपो में कुल 7254 हैप्पी कार्ड पहुंचे थे। इनमें से 17 से 28 अप्रैल के बीच 663 कार्ड लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि कालका में कुल 1976 हैप्पी कार्ड पहुंचे थे, जिनमें से अब तक 417 कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। शेष 1559 कार्डों का वितरण निर्धारित तिथियों के अनुसार किया जाएगा।
गौरतलब है कि हैप्पी कार्ड योजना के तहत एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले जरूरतमंद परिवारों को हरियाणा रोडवेज बसों में सालाना 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती है। प्रशासन ने लाभार्थियों से निर्धारित तिथि पर जरूरी दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचने की अपील की है, ताकि वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।