बरवाला। श्री राम सनातन धर्म संस्कृति ट्रस्ट की ओर से आयोजित रामलीला में रविवार रात लंका दहन का मंचन किया गया। हनुमान जी द्वारा रावण की सोने की लंका जलाने का दृश्य देखकर दर्शक उत्साहित हो उठे। पूरा रामलीला परिसर जय बजरंगबली और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ युवा नेता गुरजीत सिंह बरवाला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंचन से पहले ट्रस्ट के प्रधान रोहतास राणा, उप प्रधान रजनीश शर्मा, चेयरमैन गुरचरण वर्मा और डायरेक्टर संजीव कामदेव सहित पदाधिकारियों ने अष्टमी पूजन और महाआरती की।
रामलीला में दिखाया गया कि भगवान श्रीराम के आदेश पर हनुमान जी माता सीता की खोज में लंका पहुंचे। विभीषण से मुलाकात के बाद उन्हें माता सीता के अशोक वाटिका में होने की जानकारी मिली। सीता माता से भेंट के बाद हनुमान जी रावण के दरबार पहुंचे। रावण ने उनकी पूंछ में आग लगाने का आदेश दिया, लेकिन हनुमान जी ने उसी आग से पूरी लंका जला दी। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।