संवाद न्यूज एजेंसी पिंजौर। शातिर ठगों ने पिंजौर नालागढ़ रोड पर स्थित रत्तपुर निवासी एक व्यक्ति के जानकारों से बेटे के इलाज के नाम पर पैसे मांगे। इस दौरान ठगों ने व्यक्ति के जानकारों से करीब 60 हजार रुपये ठग लिए। रमेश जैलदार ने बताया कि शातिर ठगों ने उसके मोबाइल को हैक कर जानकारों से व्हाट्सएप से संदेश भेजकर उसके बेटे के इलाज के लिए रुपये मांगे। रमेश ने बताया कि ठगों ने व्हाट्सएप पर मैसेज किया कि उसके बच्चे का इलाज चल रहा है इसलिए वह किसी का फोन नहीं उठा सकता इसलिए पैसे उसके गूगल-पे अकाउंट में डाल दें जबकि उसके बेटे का इलाज कुछ माह पहले चल रहा था। उसने बताया कि ठगों द्वारा उसके जानकारों को मैसेज भेजकर इलाज के लिए पैसे मांगे तो उसके दो जानकारों ने ठगों के बताए नंबर पर गूगल पे कर दिए। रमेश ने बताया कि उसके जानकारों ने साइबर क्राइम में इसकी शिकायत की है। रमेश जैलदार ने आग्रह किया है कि ठग अलग-अलग तरीके खोज रहे हैं इसलिए अगर कोई व्यक्ति इस तरह पैसों की मांग करता है तो जानकार व्यक्ति से बात करने के उपरांत ही पैसे दें।