गुरुद्वारों में अखंड पाठ, कीर्तन और अटूट लंगर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। बरवाला और आसपास के गांवों में सोमवार को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गुरुद्वारों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई।
प्रकाश पर्व पर बरवाला के गुरुद्वारा साहिब, सिखों वाले मोहल्ले के गुरुद्वारे सहित गांव टोडा, नयागांव, भरेली, नगल, अलीपुर, बूंगा, कोट, खगेसरा, मानक टबरा, सगराना, मानकयों और बिल्ला के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुरुद्वारा कमेटियों की ओर से सुबह अखंड पाठ रखे गए और 11 बजे भोग डाले गए। इसके बाद रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। गुरुद्वारों में अटूट लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। कई श्रद्धालु ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब और मानक टबरा गुरुद्वारा में भी माथा टेकने पहुंचे।
नंगल गुरुद्वारा कमेटी के सतनाम सिंह और नरेंद्र सिंह काका ने कहा कि गुरु नानक देव जी महान आध्यात्मिक चिंतक और समाज सुधारक थे। उन्होंने विश्व के अनेक क्षेत्रों में जाकर मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनका जीवन हमें मिल-जुलकर रहने और मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह, बलविंदर सोनी, शमशेर सिंह, त्रिलोचन सिंह, जरनैल सिंह, अशोक सिंह, धर्मप्रीत और अंकित सहित अन्य श्रद्धालुओं ने संगत को गुरु पर्व की बधाई दी।