अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दर्ज होगी गवाही, सुनवाई में आएगी तेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह से जुड़े बधियाकरण मामले में मार्च माह से सुनवाई का अहम चरण शुरू होगा। विशेष सीबीआई अदालत ने आदेश दिया है कि मामले के मुख्य गवाह की गवाही 5, 6 और 7 मार्च को अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दर्ज की जाएगी। यह कार्यवाही प्रतिदिन भारतीय समयानुसार होगी, जिससे लंबे समय से लंबित इस मामले में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सुनवाई के दौरान अदालत में सीबीआई की ओर से वरिष्ठ लोक अभियोजक और जांच अधिकारी मौजूद रहे, जबकि आरोपियों की तरफ से उनके अधिवक्ता पेश हुए। मामला अभियोजन साक्ष्य के लिए सूचीबद्ध था। इस दौरान एक औपचारिक गवाह का बयान भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दर्ज किया गया।
पुराना लंबित मामला, अदालत ने जताई नाराजगी
अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह केस उसके सबसे पुराने लंबित मामलों में से एक है और गवाहों की समय पर उपस्थिति न होने के कारण सुनवाई बार-बार प्रभावित हो रही है। इस पर अदालत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी तारीख पर गवाह उपस्थित नहीं हो सकते, तो इसकी पूर्व सूचना अनिवार्य रूप से दी जाए।
भारतीय दूतावास के माध्यम से पूरी होंगी औपचारिकताएं
अदालत ने अमेरिका में रह रहे मुख्य गवाह की गवाही के लिए भारतीय दूतावास के माध्यम से आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के आदेश दिए हैं। गवाह को ई-मेल के जरिए समन भेजे जाएंगे और अंतरराष्ट्रीय समन्वय के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।