संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। जीआरपी और आरपीएफ ने त्योहारी दिनों के मद्देनजर रेलवे ट्रैक और ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ा दी है। ट्रेनों में चेकिंग तेज की गई है और स्टेशन परिसर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
संवेदनशील रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सिविल ड्रेस में जवानों की तैनाती की गई है और रेलवे ट्रैक पर गश्त बढ़ा दी गई है। जीआरपी के एसएचओ पलविंदर सिंह और आरपीएफ के इंस्पेक्टर एसबी यादव ने सोमवार को स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए बताया कि बताया कि रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा को प्रमुख रखते हुए विशेष चौकसी बरती जा रही है। रेलवे स्टेशन के अलावा चलती ट्रेनों में भी चेकिंग लगातार जारी है और रेलवे ट्रैक व खासकर रेलवे पुलों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सचेत रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के दिखाई देते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें।