माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। ग्रुप सी में चयनित उम्मीदवारों को मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए शुक्रवार को दिनभर धक्के खाने पड़े। इसमें उम्मीदवारों को सर्टिफिकेट जमा करवाने और प्रमाणित करवाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। उम्मीदवार चार से छह घंटे तक लाइनों में लगे रहे। मेडिकल सर्टिफिकेट में नियुक्ति पत्र नहीं लगाने और साइन करवाने के साथ प्रमाणित करवाने के लिए कई बार पुलिस और उम्मीदवारों के बीच जमकर बहस हुई। उम्मीदवारों का कहना था कि हेल्प डेस्क नहीं होने के कारण पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। इस कारण परेशानी का सामना करना पड़ा है।
ग्रुप सी में चयनित सभी 1200 उम्मीदवारों का स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी रात और शुक्रवार दिन तक मेडिकल किया गया। मेडिकल किए जाने के बाद सर्टिफिकेट जारी होने को लेकर उम्मीदवारों की तरफ से डॉक्यूमेंट जमा कराने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। इसके लिए चयनित उम्मीदवार दिनभर गेट के सामने तीसरे और चौथे फ्लोर में खड़े रहे।
कागज पूरे नहीं होने की सही जानकारी नहीं दी गई
हरियाणा के पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, रोहतक, हिसार, सिरसा सहित अन्य जगहों से आने वाले उम्मीदवारों का मेडिकल तो पूरी रात मेडिकल टीम ने कर दिया, लेकिन मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए कागज पूरे होने की सही जानकारी हेल्प डेस्क नहीं होने के कारण नहीं मिली। इस कारण लोगों को दिनभर जद्दोजहद करनी पड़ी। इसमें सविता देवी, सुनील कुमार, अंबरीश सिंह ने बताया कि डॉक्यूमेंट पूरा नहीं होने के कारण सर्टिफिकेट जारी नहीं हो पाया। इस कारण परेशानी बनी रही। लोगों को सर्टिफिकेट में ज्वाइनिंग लेटर लगाने की जानकारी भी नहीं दी गई। इस कारण दिनभर परेशानी लोगों के लिए बनी रही।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी में रही भीड़
मेडिकल के दौरान चयनित उम्मीदवारों का एक्सरे, ईसीजी, आंख, नाक, कान, गला के टेस्ट के लिए स्पेशलिस्ट ओपीडी में लोगों को लंबी लाइनों में सुबह तक लगना पड़ा। मेडिकल करवाने वाले उम्मीदवारों जोगिंदर सिंह, सुशील कुमार, अनिल, सम्राट ने बताया कि तीन घंटे तक लाइनों में लगना पड़ा। इसके बाद मेडिकल का नंबर आया। इस कारण परेशानी भी हुई। ईसीजी मशीन सहित सभी अन्य करीब 30 लोगों के स्टाफ को उम्मीदवारों का मेडिकल करने के लिए बुलाया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल करवा दिया गया है। मेडिकल करवाने के बाद सर्टिफिकेट जारी होने में समय लगा है। इसके लिए पूरे कागज करने के बाद बनाने में समय लगा है। सभी चयनित उम्मीदवारों के सर्टिफिकेट दिए गए हैं। -डॉ. उमेश मोदी, पीएमओ, पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देश पर डॉक्टरों की टीम लगाकर मेडिकल करवाया गया है। इसके साथ ही लोगों को सर्टिफिकेट जारी करवाया गया है। कई कागजों में खामियां होने के कारण समय अधिक लगा है। - डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6