चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्यपाल को पत्र लिखकर प्रदेश में जल्द आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू करने की सिफारिश निर्वाचन आयोग से करने का आग्रह किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सूबे में कानून-व्यवस्था के हालात बिगड़ रहे हैं और सरकार इसे स्वीकार कर चुकी है।
जाखड़ ने सवाल उठाया कि जब सरकार नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए मैराथन आयोजित नहीं करवा सकती, तो ऐसे माहौल में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कैसे होंगे? जाखड़ ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि अबोहर में हर साल होने वाली नशा विरोधी मैराथन की अनुमति इस बार सरकार ने यह कहते हुए रद्द कर दी कि माहौल अनुकूल नहीं है। इसमें हजारों युवा हिस्सा लेते रहे हैं। यह फैसला प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करता है।
जाखड़ ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर प्रदेश में अशांति का माहौल बना रही है ताकि चुनाव नजदीक आने पर इन्हीं हालात को चुनाव टालने का आधार बनाया जा सके। ब्यूरो