मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे ज्यादा नुकसान श्रमिकों, दुकानदारों तथा फैक्ट्री वालों को हुआ है। किसान इतना प्रभावित नहीं हुआ क्योंकि फसल कटाई के बाद उनकी खरीद भी हुई है। प्रगतिशील किसान छोटे किसानों को किस प्रकार प्रेरित करें, कृषि के साथ-साथ पशुपालन, डेयरी, बागवानी व अन्य संबद्ध क्षेत्रों से किसानों को लाभ मिले। इसके लिए ‘किसान मित्र’ नाम से योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों का वित्तीय प्रबंधन सही हो, इसके लिए प्रगतिशील किसानों को पहल करनी होगी, क्योंकि एक किसान की बात किसान अच्छे से समझ लेता है।
रणदीप ने मांगी फिल्म शूटिंग की इजाजत
रणदीप हुड्डा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि वे कब अपनी फिल्म की शूटिंग करनाल में फिर से आरंभ कर सकते हैं। सीएम ने कहा कि एमएचए (केंद्रीय गृह मंत्रालय) की गाइडलाइन का पालन करना होगा। हालांकि इंडोर शूटिंग की जा सकती है। हुड्डा ने अपनी फिल्म लाल रंग जिस में करनाल स्पेन की भांति दिखाई पड़ता है, को देखने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया। मुख्यमंत्री ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि लॉकडाउन के चलते कुछ नए अनुभव प्राप्त हुए हैं। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) का प्रयोग कर बैठकों का सिलसिला जारी रखा और आज की आप के साथ बातचीत आइटी के प्रयोग का ही नतीजा है।