अंडर-17 में जींद ने रेवाड़ी को नौ विकेट से हराकर जीता खिताब, पंचकूला तीसरे स्थान पर अंडर-19 में चरखी दादरी ने रोहतक को दी शिकस्त
अंडर-17 के तीसरे स्थान के मुकाबले में पंचकूला ने फतेहाबाद को छह विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित 59वें हरियाणा स्कूल स्टेट गेम्स की अंडर-17 और अंडर-19 लड़कियों की क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल और तीसरे स्थान के मुकाबलों के बाद दोनों आयु वर्गों में विजेता टीमों का फैसला हुआ। अंडर-17 में जींद ने रेवाड़ी को नौ विकेट से हराकर खिताब जीता, जबकि पंचकूला तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 में चरखी दादरी ने रोहतक को नौ विकेट से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 में जींद ने जीता खिताब
अंडर-17 लड़कियों के फाइनल में जींद और रेवाड़ी की टीमें आमने-सामने थीं। जींद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेवाड़ी को नौ विकेट से हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। रेवाड़ी दूसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान के मुकाबले में पंचकूला ने फतेहाबाद को छह विकेट से हराया। इसके साथ पंचकूला ने तीसरा और फतेहाबाद ने चौथा स्थान हासिल किया।
अंडर-19 में चरखी दादरी बनी विजेता
अंडर-19 लड़कियों के फाइनल मुकाबले में चरखी दादरी ने रोहतक को नौ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। रोहतक दूसरे स्थान पर रहा। तीसरे स्थान के मुकाबले में करनाल ने सोनीपत को आठ विकेट से हराया। करनाल तीसरे और सोनीपत चौथे स्थान पर रहा।
सेमीफाइनल में भी दिखा कड़ा मुकाबला
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंडर-19 के एक सेमीफाइनल में रोहतक ने सोनीपत को 11 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, अंडर-17 के सेमीफाइनल मुकाबले में रेवाड़ी ने फतेहाबाद को 83 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने जीत के लिए मैदान पर जमकर पसीना बहाया।