बरवाला। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गांव अलीपुर औद्योगिक क्षेत्र में भारत सरकार, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया तथा हरियाणा राज्य साइकिलिंग संघ के तत्वावधान में अस्मिता साइकिलिंग लीग एवं साइकिल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बालिकाओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्याम लाल बंसल, तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव एवं हरियाणा विकास मिशन के प्रबंध निदेशक राजेश गोयल तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंत्तो कटारिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मेयर श्याम लाल बंसल ने कहा कि साइकिलिंग स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण का मजबूत आधार है तथा युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। राजेश गोयल ने कहा कि अस्मिता साइकिलिंग लीग बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ने और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान कर रही है। समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया तथा फिट इंडिया, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और स्वस्थ भारत का संदेश दिया गया।
इस प्रकार रहा प्रतियोगिता का परिणाम
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका व्यक्तिगत समय परीक्षण वर्ग में प्रीति ने प्रथम, मणि ने द्वितीय तथा प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-16 बालिका वर्ग में छवि प्रथम, यशस्वी द्वितीय तथा रोशनी तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-18 बालिका वर्ग में अंशिका ने प्रथम, वंशिका ने द्वितीय तथा हीना ने तृतीय स्थान हासिल किया।
अंडर-23 बालिका वर्ग में राधा ने प्रथम, महक ने द्वितीय तथा यशवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।