पंचकूला पुलिस ने तलाश कर परिजनों से मिलवाया, सहेली के घर रह रही थी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। बहन से विवाद के बाद घर छोड़कर गई 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों से मिलवा दिया।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ निवासी युवती पंचकूला में एक दुकान पर काम करती है और 7 मार्च को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर सेक्टर-10 पुलिस चौकी में सूचना दी गई, जिसके बाद 8 मार्च को थाना सेक्टर-5 में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की।
चौकी इंचार्ज रवि प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर खोजबीन कर युवती को पंचकूला क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि युवती का अपनी बड़ी बहन से विवाद हो गया था, जिसके चलते वह अपनी सहेली के घर रह रही थी।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। डीसीपी ने कहा कि पारिवारिक मतभेद होने पर घर छोड़ने जैसा कदम नहीं उठाना चाहिए और अभिभावकों को भी बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए।