पिंजौर।सूरजपुर गांव की 18 वर्षीय युवती नेहा पिछले कई दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों ने उसकी तलाश के लिए अमरावती एन्क्लेव पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। मां महेंद्र कौर ने बताया कि उनकी बेटी 24 अक्तूबर की रात घर के पास से अचानक गायब हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने रिश्तेदारों, दोस्तों और आस-पास के इलाकों में भी बेटी को ढूंढने की पूरी कोशिश की लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। महेंद्र कौर ने बताया कि उनके पति का निधन करीब आठ वर्ष पहले हो गया था और वे अपनी पांच बेटियों के साथ अकेले रहती हैं। नेहा उनकी सबसे छोटी बेटी है। बेटी के गायब होने के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।