संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। झूरीवाला डंपिंग ग्राउंड से बढ़ रही दुर्गंध को लेकर सेक्टर-25 सामुदायिक केंद्र में संग्राम झूरीवाला डंपिंग ग्राउंड समिति और सेक्टर-25 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा रविवार को बैठक आयोजित की गई। सेक्टर निवासियों द्वारा सेक्टर-23, 24 ,25, 26, 27, 28 पंचकूला में डंपिंग ग्राउंड को लेकर पिछले कई सालों से चल रही समस्याएं बढ़ रही दुर्गंध व बीमारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि अगर नगर निगम एवं सरकार झूरीवाला डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा गिराना बंद नही करती तो उनके खिलाफ फिर से धरने पर बैठा जाएगा। पिछले साल नवंबर 2022 में भी सेक्टर निवासी तीन दिन तक धरने पर बैठे थे परंतु सेक्टर निवासियों को अमानवीय तरीके से धरने पर उठाने के बाद लोगों के साथ डंपिंग ग्राउंड को खाली करके शिफ्ट करने के झूठे व खोखले वादे किए गए थे जिसको पूरा करने के लिए आज तक सरकार व नगर निगम असमर्थ रही है।
एनजीटी के आदेश आने के बाद भी सरकार आज तक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट एवं डंपिंग ग्राउंड के लिए वैकल्पिक स्थान तय करने के लिए नाकाम रही है। नगर निगम, पंचकूला ने जो भी टेंडर डंपिंग ग्राउंड खाली करने के लिए दिया उसकी शर्तों का सही तरीकों से पालन नही हो रही व आज तक कूड़ा झूरीवाला डंपिंग ग्राउंड में गिराया जा रहा है। डंपिंग ग्राउंड में दुर्गंध को रोकने के लिए ना तो जीवाणुरोधी स्प्रे न ही अन्य किसी तरह की दवाई का इस्तेमाल किया जा रहा है जिस वजह से लोगों का अपने घर से बाहर निकालना मुश्किल हो गया है। इस बारे में स्थानीय निवासी कई बार नगर निगम के उच्च अधिकारियों से मिले है परंतु आज तक कोई हल ना निकला है। बैठक में स्थानीय पार्षद अक्षयदीप चौधरी ने भी पहुंचकर लोगों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस समस्या का साथ मिल कर समाधान किया जाएगा व नगर निगम अधिकारियों से जवाब लिया जाएगा।