उच्च शिक्षा, शोध और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, कॉलेज ने शुरू की प्रवेश प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में बीएससी फिजिकल साइंस पाठ्यक्रम में जियोलॉजी विषय को शामिल किया गया है। इससे विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। छात्र 15 जून तक हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग के ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार अब विद्यार्थी गणित, रसायन विज्ञान अथवा कंप्यूटर साइंस के साथ जियोलॉजी विषय का चयन कर सकेंगे। जियोलॉजी विषय के जुड़ने से माइनिंग, पर्यावरण विज्ञान, भूकंप विज्ञान, जल संसाधन, भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में कॅरिअर की संभावनाएं बढ़ेंगी।
जियोलॉजी विभाग की सहायक प्रोफेसर रेखा पुनिया ने बताया कि जल संरक्षण, भूजल प्रबंधन, खनिज अन्वेषण और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में जियोलॉजिस्ट की मांग लगातार बढ़ रही है।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने कहा कि जियोलॉजी एक आधुनिक, रोजगारपरक और भविष्य उन्मुख विषय है। इसके अध्ययन से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध और विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।