संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। क्षेत्र की महादेव कॉलोनी के वार्ड नंबर 18 में सफाई व्यवस्था ठप होने से स्थानीय लोग परेशान हैं। शनि देव मंदिर और रेलवे पुल के पास लंबे समय से कूड़े के ढेर लगे हैं। निवासियों का आरोप है कि नगर परिषद और संबंधित ठेकेदार की लापरवाही के कारण नियमित सफाई नहीं हो रही है।
घरों से कचरा उठाने वाली गाड़ियां भी पांच-पांच दिन तक नहीं पहुंचतीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर और रेलवे पुल के पास जमा कूड़ा एक से दो महीने तक नहीं उठाया जाता। इससे आसपास बदबू फैल रही है और कूड़े पर मक्खियां व मच्छर पनप रहे हैं।
लोगों को बीमारियां फैलने का डर सता रहा है। मंदिर के पास गंदगी के कारण श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है। लोगों ने नगर परिषद और ठेकेदार से नियमित सफाई करवाने की मांग की है।